पटना/05.07.19। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आम बजट 2019-20 का स्वागत किया है। भारत की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन डाॅलर तक पहुंचाने का लक्ष्य प्रशंसनीय है। उन्होंने पूरे देश के लिए हर घर जल योजना की घोषणा का स्वागत किया। यह खुशी की बात है कि बिहार में पहले से ही सात निश्चय के अंतर्गत हर घर नल का जल योजना का क्रियान्वयन हो रहा है।
सीएम ने इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करने के निर्णय को पर्यावरण के हित में बताया। स्वच्छ भारत मिशन का विस्तारीकरण करते हुए गांव में ठोस कचरा प्रबंधन लागू करने की व्यवस्था सराहनीय है। जल संरक्षण का दृष्टिकोण स्वागत योग्य है। रेलवे की योजनाओं को पूरा करने के लिए जन-निजी भागीदारी के तहत राशि उगाही की बात कही गई है। सरकार को ध्यान देना चाहिए कि इससे यह संदेश न जाये कि रेलवे का निजीकरण किया जायेगा।