पटना/12.07.19। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाढ़ की आशंका को देखते हुए अधिकारियों से नदियों के जलस्तर एवं बांध की स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) के अनुसार अलर्ट रहने एवं सुबह-शाम माॅनिटरिंग करने की भी बात कही। इससे किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सकेगा। सीएम एक अणे मार्ग में बाढ़ की आशंका को लेकर संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे।
जल संसाधन और आपदा प्रबंधन विभाग कोे समन्वय बनाये रखने का भी उन्होंने निर्देश दिया। सूबे में एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश से नदियों के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है।
जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने अब तक राज्य में वर्षापात, बिहार तथा नेपाल में हो रही भारी बारिश से नदियों के बढ़ रहे जलस्तर एवं तटबंधों की स्थिति की जानकारी दी। आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने भी संभावित बाढ़ से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में आईएमडी से मिली जानकारी के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में संभावित बारिश रिपोर्ट पर भी विस्तृत रूप से चर्चा की गयी।
बैठक में मुख्य सचिव दीपक कुमार, सीएम के प्रधान सचिव चंचल कुमार, सचिव अनुपम कुमार एवं ओएसडी गोपाल सिंह उपस्थित थे।