मुख्य समाचार

बंद चीनी मिलों की जमीन बियाडा को शीघ्र मिलेगी 

पटना/15.07.19। बिहार की बंद 12 चीनी मिलों की 2442 एकड़ जमीन शीघ्र बियाडा को हस्तांतरित की जायेगी। इस जमीन का उपयोग नये उद्योगों की स्थापना में होगा। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने बताया कि राज्य निवेश प्रोत्साहन नीति 2016 के अंतर्गत 14,885 करोड़ के 1246 निवेश प्रस्ताव आये, जिनमें 1104 को सहमति दी गई है। इनमें 1419 करोड़ का निवेश कर 168 इकाइयां कार्यरत हैं। 4031 लोगों को रोजगार मिला हुआ है। 

डिप्टी सीएम पाटलिपुत्र इंडस्ट्रियल एरिया में लघु उद्योग भारती के तत्वावधान में आयोजित प्रदेश उद्यमी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बंद चीनी मिलों को चालू कराने के लिए पांच  बार निविदा आमंत्रित की। कोई निवेशक नहीं आने पर चीनी मिलों की खाली जमीन को नये निवेश प्रस्तावों के मद्देनजर बियाडा को देने का सरकार ने निर्णय लिया है। 

बियाडा के चार औद्योगिक प्रांगणों में 1642 इकाइयां कार्यरत हैं और 369 स्थापित होने की प्रक्रिया में है। राज्य लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों के तहत खाजा, राईस मिल, सीप बटन व कांसा-पीतल आदि के अलग-अलग जिलों में स्थापित 7 कलस्टरों में 28.83 करोड़ के निवेश प्रस्तावों में अब तक 15.61 करोड़ के निवेश हुए हैं। 

मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति -जनजाति उद्यमी योजना के तहत 4,868 उद्यमियों को 340 करोड़ ऋण की स्वीकृति दी गयी है। इसके अंतर्गत उद्यमियों को 10 लाख तक की परियोजना के लिए अधिकतम 50 प्रतिशत यानी 5 लाख का अनुदान व 5 लाख ब्याजमुक्त ऋण देने का प्रावधान है।

इस मौेके पर लघु उद्योग भारती  के अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र ,संयुक्त महामंत्री सुधीर जी दाते , सचिव काशीनाथ सिंह , प्रदेश अध्यक्ष श्याम सुंदर मिमसेरिया , प्रदेश महामंत्री अजय कुमार शर्मा और जिला अध्यक्ष डॉ रविंद्र कुमार वत्स मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें