मुख्य समाचार

श्रावणी मेला 17 जुलाई से, प्रशासनिक तैयारी पूरी  

सुल्तानगंज/देवघर/16.07.19। प्रसिद्ध श्रावणी मेला 17 जुलाई से 15 अगस्त तक है। हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु पैदल सुल्तानगंज (भागलपुर) से गंगा जल लेकर देवघर जाते हैं। कांवरियों की सुविधा के लिए बिहार एवं झारखंड सरकार ने तैयारी पूरी कर ली है। सुल्तानगंज से देवघर तक की यात्रा का अधिकतम भाग बिहार में है। बिहार के भागलपुर, मुंगेर एवं बांका जिलों से गुजरते हुए कांवरिया बाबाधाम (झारखंड) पहुंचते हैं। 

सुल्तानगंज स्थित गंगा घाट पर श्रावणी मेला का उद्घाटन आज बिहार के भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री राम नारायण मंडल ने किया। उन्होंने कहा कि मार्ग में कांवरियों को कोई परेशानी नहीं होगी। सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली एवं सुगम कांवरिया पथ की सुविधाएं उन्हें उपलब्ध होंगी। इस मौके पर पीएचईडी मंत्री विनोद नारायण झा, विधायक सुबोध राय, डीएम, एसएसपी समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।    

इधर, देवघर में श्रावणी मेला का उद्घाटन 17 जुलाई को मुख्यमंत्री रघुवर दास करेंगे। समारोह झारखंड-बिहार के प्रवेश द्वार दुम्मा में होगा। झारखंड सरकार भी श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने के लिए कटिबद्ध है। श्रावणी मेला को राष्ट्रीय दर्जा देने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। 


संबंधित खबरें