दरभंगा/मधुबनी/सीतामढ़ी। नेपाल के सीमावर्ती जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण दरभंगा, सीतामढ़ी एवं मधुबनी जिलों में कई स्थानों पर तटबंध टूट गये हैं। इस कारण लगभग 10 लाख परिवार के समक्ष विषम परिस्थिति उत्पन्न हो गई है। बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में सबसे अधिक परेशानी पीने के पानी, चिकित्सा एवं पशु चारा की है।
राज्य सरकार के अनुरोध पर वायु सेना कार्रवाई में जुटी है। बाढ़ पीड़ितों कीे सहायता के लिए दरभंगा में दो हेलिकॉप्टर तैनात हैं। प्रभावित क्षेत्रों में खाने के पैकेट और राहत सामग्री एयर ड्रॉप की जा रही हैं। ग्रुप कैप्टन बीबी पांडेय ने कहा कि यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा। प्रभावित क्षेत्रों में आम जनता की सहायता के लिए भारतीय वायु सेना कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

मौसम विभाग ने इन जिलों में 27 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। फिर से बाढ़ की आशंका के मद्देनजर जिला प्रशासन ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है।
21 जुलाई को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीतामढ़ी, दरभंगा, कटिहार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी एवं मंत्री विनोद नारायण झा ने मधुबनी में बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की थी। जिला प्रशासन को बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए आवश्यक निर्देश दिये गये थे। अधिकारी भी राहत कार्य में जुटे हैं, लेकिन कई ऐसे सुदूर क्षेत्र हैं जहां सामग्री निरंतर नहीं पहुंच पा रही है।