पटना/ 25.07.19। आयकर विभाग के सभागार में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) पटना की छमाही बैठक हुई। बैठक में पटना स्थित केंद्रीय सरकार के विभिन्न कार्यालयों में हिंदी में किए जा रहे कामकाज की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता नराकास, पटना के अध्यक्ष सह प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त एस. डी. झा ने की। उन्होंने कहा कि हिंदी के प्रति सम्मान रखने की जरूरत है। केंद्रीय कार्यालयों में अधिक से अधिक हिंदी में कार्य करने की जरूरत है। लक्ष्य को हासिल करने का प्रयास हर स्तर पर होना चाहिए। आयकर आयुक्त सह राजभाषा अधिकारी मानस मलहोत्रा ने कहा कि प्रेरणा और प्रोत्साहन के जरिए हिंदी में कामकाज को बढ़ाया जा सकता है।
उप निदेशक (राजभाषा) शाहबाज अहमद ने 31 दिसंबर 2018 से लेकर 31 मार्च 2019 तक की प्रगति रिपोर्ट पेश की। इस मौके पर आयकर विहार पत्रिका का विमोचन और हिंदी में शत-प्रतिशत पत्राचार करने वाले 10 केंद्रीय कार्यालयों को प्रशस्तिपत्र दिया गया।