नई दिल्ली/श्रीनगर। रक्षा मंत्रालय ने कारगिल युद्ध पर एक ऑनलाइन क्विज शुरू किया है। उद्देश्य युवाओं और लोगों में देश भक्ति की भावना जगाना है। क्विज 26 जुलाई से 4 अगस्त, 2019 तक है। संचालन MyGov.in ( https://quiz.mygov.in) प्लेटफार्म पर होगा। यह हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में उपलब्ध होगा। क्विज की अवधि 5 मिनट और अधिकतम 20 प्रश्न पूछे जायेंगे।
क्विज के लिए 10 नकद पुरस्कार दिये जायेंगे। शीर्ष 100 विजेताओं को रक्षा मंत्रालय प्रमाणपत्र देगा। लाल किला में होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में विजेताओं को आमंत्रित किया जायेगा।

इधर, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 20 वें कारगिल विजय दिवस पर श्रीनगर में चिनार कोर युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति का द्रास के कारगिल युद्ध स्मारक पर भी जाने का कार्यक्रम था, लेकिन मौसम प्रतिकूल होने के कारण वे नहीं जा सके। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में नेशनल वार मेमोरियल में शहीदों को श्रद्धांजलि दी।