नई दिल्ली/एजेंसी। मुंबई की एक रीयल एस्टेट कंपनी के 40 परिसरों पर कार्रवाई के बाद आयकर विभाग ने दावा किया है कि उसने 700 करोड़ रुपये की कर चोरी का पता लगाया है। सीबीडीटी ने कहा कि 29 जुलाई से मुंबई एवं पुणे में रीयल एस्टेट से जुड़े एक प्रमुख समूह के ठिकानों पर सर्च शुरू किया गया।
विभाग ने समूह की पहचान जाहिर नहीं की है। सूत्रों के अनुसार यह हब टाउन समूह है। तलाशी के दौरान विभाग को वाणिज्यिक एवं आवासीय ब्लॉकों की बिक्री पर धन प्राप्ति के सबूत मिले हैं। इसके अलावा फर्जी असुरक्षित ऋण लेने, फर्जी दीर्घावधि पूंजीगत लाभ और कई अन्य लेन-देन में हेरफेर कर करीब 700 करोड़ रुपये की कर अपवंचना की गयी। सर्च में लेनदेन में बड़ी गड़बड़ी पकड़ी गयी।
खातों में हेरफेर कर 525 करोड़ रुपये की आय गायब कर दी गई। आवासीय एवं वाणिज्यिक ब्लॉकों की बिक्री से 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्राप्त हुई है। इसके अलावा तलाशी में 14 करोड़ रुपये के आभूषण भी जब्त किये गये।