पटना/04.08.19। कंकड़बाग स्थित सवेरा कैंसर एंड मल्टी स्पेशिलिटी हाॅस्पिटल का उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने हाॅस्पिटल का निरीक्षण भी किया। यह बिहार का पहला स्टेट ऑफ आर्ट मल्टी सुपर कैंसर स्पेशिलिटी हाॅस्पिटल है। हाॅस्पिटल का हेल्प लाइन नंबर 1800 103 5153 है।
उद्घाटन कार्यक्रम में राज्यपाल फागू चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी भी शामिल हुए। इस अवसर पर सांसद जर्नादन सिंह सिग्रीवाल, विधायक अरूण कुमार सिन्हा, डाॅ आर.एन.सिंह, हाॅस्पिटल के एमडी डाॅ वीपी सिंह समेत कई गणमान्य उपस्थित थे।

इससे पहले उपराष्ट्रपति पटना विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय शताब्दी वर्ष समारोह में शामिल हुए। उन्होंने पुस्तकालय में प्रदर्शित विभिन्न पुस्तक एवं पांडुलिपियों का अवलोकन किया। शताब्दी वर्ष के अवसर पर एक स्मारिका का विमोचन एवं विशेष डाक टिकट जारी किया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पटना विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने की मांग दोहरायी। उन्होंने कहा दो साल पहले भी प्रधानमंत्री के पटना विश्वविद्यालय आने पर इस प्रस्ताव को रखा गया था, लेकिन इसे खारिज कर दिया गया। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने इस संबंध में अपने स्तर से पहल करने का आश्वासन दिया। पटना विश्वविद्यालय देश के पुराने विश्वविद्यालयों में शामिल है।
कार्यक्रम को राज्यपाल, डिप्टी सीएम एवं पटना विश्वविद्यालय के कुलपति रास बिहारी सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, प्रति कुलपति प्रो. डाॅली सिन्हा, चीफ पोस्ट मास्टर जनरल (बिहार) एहसानुल हक समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं छात्र उपस्थित थे।
पटना हाईस्कूल गर्दनीबाग के शताब्दी वर्ष समारोह में भी उपराष्ट्रपति ने शिरकत की। इस समारोह में सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद भी शामिल हुए। 1995 से इस स्कूल का नाम शहीद राजेंद्र प्रसाद सिंह पटना हाईस्कूल हो गया है। भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान शहीद होने वाले राजेंद्र प्रसाद सिंह इसी स्कूल के छात्र थे।