पटना। भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के असामयिक निधन पर मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा है कि सुषमा स्वराज एक प्रखर वक्ता, ओजस्वी एवं कुशल नेत्री के साथ विलक्षण प्रतिभा की धनी थीं। देश हित एवं लोक कल्याण के क्षेत्र में उनके कार्यों को देश हमेशा याद रखेगा। अचानक उनके निधन की खबर मिलने से देश शोकाकुल है और व्यक्तिगत तौर पर हम काफी मर्माहत हैं। उनके निधन से देश को अपूरणीय क्षति हुई है। उनकी कमी हमेशा खलेगी। आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। दुःख की इस घड़ी में ईश्वर उनके परिजनों को धैर्य एवं साहस प्रदान करें।
उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि पूर्व विदेश मंत्री एवं भाजपा की वरिष्ठ नेत्री सुषमा स्वराज ने पार्टी और सरकार में अपनी हर भूमिका का बेहतरीन निर्वहन किया है। उन्होंने हमेशा उच्च मानक स्थापित किया है। विश्वास नहीं हो रहा है कि वे अब हमारे बीच नहीं हैं। देश और पार्टी के साथ उनका निधन मेरी व्यक्तिगत क्षति है। सुषमा जी के साथ 40-42 वर्षों का लंबा संपर्क रहा है। 1977 में मुजफ्फरपुर में जाॅर्ज साहब की सभा में उन्हें सुनने का सौभाग्य मिला था। भाजपा और भारतीय राजनीति में सुषमा जी का स्थान हमेशा रिक्त रहेगा, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उनका हमारे बीच से चला जाना अत्यंत दुखदायी है।