मुख्य समाचार

क्राइम, करप्शन, कम्युनलिज्म से समझौता नहीं

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि न्याय के साथ विकास सिद्धांत पर राज्य सरकार काम कर रही है। क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म से हम समझौता नहीं कर सकते हैं। लोक सेवक, जनप्रतिनिधि एवं अन्य संस्थाओं को समझना होगा कि भ्रष्टाचार एवं अनैतिक कार्यों से अर्जित धन से क्षणिक सुख मिल सकता है, लेकिन बाद में परिणाम बुरा ही होता है। 

मुख्यमंत्री ऐतिहासिक गांधी मैदान में 73वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर 15 विभागों की झांकियां भी निकाली गईं। इससे पहले उन्होंने करगिल चौक पर शहीदों को नमन किया और श्रद्धांजलि दी।

जल-जीवन-हरियाली अभियान : सीएम ने कहा कि बिहार पृथ्वी दिवस पर 9 अगस्त, 2019 को जल-जीवन-हरियाली अभियान के जागरूकता कार्यक्रम की शुरूआत हुई है। शीघ्र ही अभियान की कार्ययोजना लागू होगी। अभियान पर्यावरण संरक्षण में मददगार होगा। 

5 सितंबर से उन्नयन बांका एजुकेशन मॉडल : 5 सितंबर से उन्नयन बांका का एजुकेशन मॉडल पूरे राज्य में लागू होगा। राज्य की सभी पंचायतों में उच्च माध्यमिक विद्यालय की स्थापना का लक्ष्य है। अप्रैल, 2020 से सभी पंचायतों में कक्षा नौ की पढ़ाई शुरू होगी। अल्पसंख्यकों के लिए राज्य सरकार पहले से छात्रवृत्ति, मेधावृत्ति, शिक्षा एवं रोजगार ऋण, कौशल विकास एवं कोचिंग योजनाओं का सफल संचालन कर रही है। 

पारिवारिक बंटवारे के निबंधन शुल्क में कमी : मुख्यमंत्री ने कहा कि पारिवारिक बंटवारे के निबंधन के लिए स्टांप शुल्क को घटाकर मात्र 50 रुपये एवं निबंधन शुल्क को भी घटाकर 50 रुपये कर दिया गया है। इससे भूमि विवाद के समाधान में सहायता मिलेगी। 

मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना : 60 साल से अधिक उम्र के सभी वृद्धजनों के लिए मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना लागू की गई है। योजना के अंतर्गत राज्य के ऐसे सभी महिला और पुरुष वृद्धजन शामिल हैं, जिन्हें किसी तरह की पेंशन नहीं मिलती है।

हर घर नल का जल : विकसित बिहार के सात निश्चय का क्रियान्वयन पूरे राज्य में हो रहा है। हर घर नल का जल के तहत 2020 के अंत तक शहर एवं गांवों के सभी घरों में नल का जल उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। घरों तक पक्की नाली और गली का निर्माण भी अगले वर्ष के अंत तक पूरा हो जायेगा। 

शौचालय निर्माण : शौचालय निर्माण, घर का सम्मान का क्रियान्वयन केंद्र सरकार के स्वच्छ भारत मिशन एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के माध्यम से हो रहा है। इस साल तक पूरे राज्य को खुले में शौच से मुक्त करने का लक्ष्य है। 

गांधी मैदान समारोह के बाद मुख्यमंत्री पुनपुन प्रखंड की लखनपार पंचायत के ठीकापर मुसहरी (श्रीपालपुर) महादलित टोले में आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल हुए। सीएम की उपस्थिति में टोलेे के वयोवृद्ध सूरज मांझी ने झंडोत्तोलन किया। 
 


संबंधित खबरें