नई दिल्ली। लेह-लद्दाख में 17 से 25 अगस्त तक आदि महोत्सव का आयोजन होगा। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय और भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ (ट्राइफेड) इसका आयोजन कर रहा है।
लेह-लद्दाख के पोलो ग्राउंड में होने वाले नौ दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा, जनजातीय कार्य राज्य मंत्री रेणुका सिंह और ट्राइफेड के अध्यक्ष आर.सी. मीणा भी उपस्थित रहेंगे।
महोत्सव का विषय ‘जनजातीय कला, संस्कृति और वाणिज्य की भावना का उत्सव ’ है। इसमें ट्राइफेड ‘सेवा प्रदाता’ एवं ‘मार्केट डेवलपर’ की भूमिका निभायेगा। महोत्सव में देश के 20 से अधिक राज्यों के लगभग 160 जनजातीय कारीगर भाग लेंगे और अपनी उत्कृष्ट कारीगरी का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन के दौरान स्थानीय सांस्कृतिक समूह लद्दाखी लोक नृत्य प्रस्तुत करेंगे।
महोत्सव के अंतर्गत जनजातीय कार्य मंत्रालय की वन धन योजना के अंतर्गत कारीगर और शिल्पकारों की पहचान की जाएगी। इनके उत्पादों को देश में ट्राइब्स इंडिया संचालित 104 खुदरा दुकानों और दुनिया के 190 देशों में एमेजॉन के माध्यम से बेचा जायेगा।