पटना/19.08.19। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ जगन्नाथ मिश्रा का निधन सोमवार को दिल्ली में हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। 83 वर्षीय डाॅ जगन्नाथ मिश्रा तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री (1975-77,1980-83,1989-90) बने।
बिहार सरकार ने डाॅ जगन्नाथ मिश्रा के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि डाॅ जगन्नाथ मिश्रा एक प्रख्यात राजनेता एवं शिक्षाविद् थे। बिहार के साथ देश की राजनीति में भी उनका बहुमूल्य योगदान रहा है। उनके निधन से न केवल बिहार बल्कि पूरे देश की राजनीतिक, सामाजिक एवं शिक्षा के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने उनके परिजन एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।