पटना। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन 24 एवं 25 अगस्त 2019 को इस्काॅन कर रहा है। इस्काॅन मंदिर हाॅल, बुद्धमार्ग में ही भव्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रसिद्ध उद्योगपति एल.एन. पोद्दार करेंगे। देश एवं विदेशों से श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मशहूर नृत्य गुरु केलू चरण महापात्रा के शिष्य राजीव भट्टाचार्या एवं उनकी टीम (सृजन छंद, उड़ीसा) भगवान की लीलाओं पर आधारित भव्य नृत्य नाटिका पेश करेंगे। प्रसिद्ध कत्थक नृत्यांगना नीलम चौधरी के निर्देशन में मीराभजन, दशावतार, कृष्ण रासहोरी, विश्वरूप, मधुराष्टकम् सहित भगवान की विभिन्न लीलाओं की प्रस्तुत की जायेगी।
इस्काॅन पटना के अध्यक्ष कृष्ण कृपा दास ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जीव का भगवान के साथ संबंध स्थापित करने का महोत्सव है। जीव भगवान की कृपा को भूले नहीं। इसलिए भगवान समय-समय पर अपने परिकरों को भेजते हैं। कभी-कभी स्वयं भी आ जाते हैं। इस्काॅन विश्व में जीव जागरण के लिए यह महोत्सव का आयोजन करता है। श्रद्धालुओं को महाभिषेक के विलक्षण दृश्य का अवलोकन कर जीवन सार्थक करना चाहिए।
इस्काॅन पटना के प्रवक्ता नंद गोपाल दास ने महोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी दी।
24 अगस्त (प्रात: 5 बजे से मध्य रात्रि 12 बजे तक ) : सुमधुर नाम संकीर्तन, भव्य आरती, सृजन छंद ग्रुप उड़ीसा के कलाकारों की प्रस्तुति, 108 चांदी कलश/दक्षिणायण शंख से अभिषेक, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव माहात्म्य, महाप्रसाद वितरण।
25 अगस्त ( दोपहर 12 से 2 बजे) : इस्काॅन के संस्थापक ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद का आविर्भाव महोत्सव, महाभिषेक, प्रभुपाद यशोगान, आरती, माल्यार्पण एवं महाप्रसाद।