पटना। पटना नगर निगम के आयुक्त अनुपम कुमार सुमन की सेवा उनके मूल विभाग केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (आयकर निदेशालय) को सौंप दी गई है। उन्हें 23 अगस्त 2019 से दो माह का अवकाश भी दिया गया है। अवकाश के बाद वह अपने मूल विभाग में योगदान देंगे।
अनुपम 2004 बैच के भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी हैं। वह बिहार सरकार में प्रतिनियुक्ति पर मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष सचिव हैं। पटना नगर निगम के आयुक्त का उनके पास अतिरिक्त प्रभार है।
नगर आयुक्त अनुपम कुमार सुमन ने 21 अगस्त को अपना इस्तीफा राज्य सरकार को सौंप दिया। इस्तीफा के पीछे कारण नगर निगम की कार्यशैली, अंदरुनी राजनीति एवं गड़बड़ी माना जा है। उन्होंने अपने स्तर से इसे काफी दुरुस्त करने की कोशिश की, लेकिन सिस्टम ने उन्हें भी हरा दिया। वह जून 2018 से इस पद पर हैं।