पटना। राज्य सरकार ने 17 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की जारी अधिसूचना के अनुसार मुजफ्फरपुर के आयुक्त नर्मदेश्वर लाल उद्योग विभाग के सचिव बनाये गये हैं। उद्योग विभाग के सचिव लोकेश सिंह को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेवारी दी गई है।
कटिहार के डीडीसी अमित कुमार पांडेय (2014 बैच) को पटना नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है। पंचायती राज विभाग के निदेशक कुलदीप नारायण केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे के आप्त सचिव होंगे।
स्वास्थ्य विभाग के सचिव असंगबा चुबा आओ को मगध प्रमंडल का आयुक्त, खाद्य विभाग के सचिव पंकज कुमार को मुजफ्फरपुर का आयुक्त, श्रम संसाधन विभाग के सचिव के सेंथिल कुमार को सहरसा का आयुक्त एवं मगध प्रमंडल के आयुक्त पंकज कुमार पाल को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में सचिव बनाया गया है।
पूर्णिया के डीएम प्रदीप झा पीएचईडी में विशेष सचिव, समस्तीपुर के डीएम चंद्रशेखर सिंह निदेशक पंचायती राज, सीतामढ़ी के डीएम डाॅ रंजीत सिंह निदेशक प्राथमिक शिक्षा, वैशाली के डीएम राजीव रौशन ग्रामीण विकास विभाग में अपर सचिव के साथ जल-जीवन- हरियाली मिशन का भी कार्य देखेंगे।

बेगूसराय के डीएम राहुल कुमार को पूर्णिया का डीएम, प्राथमिक शिक्षा विभाग के निदेशक अरविंद वर्मा को बेगूसराय का डीएम, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में संयुक्त सचिव उदिता सिंह को वैशाली का डीएम, बांका की डीडीसी अभिलाषा शर्मा को सीतामढ़ी का डीएम एवं आरा के डीडीसी शशांक शुभंकर समस्तीपुर के डीएम बनाये गये हैं।