नई दिल्ली/एजेंसी । केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के चेयरमैन प्रमोद चंद्र मोदी का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है। प्रधानमंत्री की अगुवाई वाली मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने एक साल के लिए पीसी मोदी की दोबारा नियुक्ति को मंजूरी दी। मोदी 31 अगस्त 2019 को सेवानिवृत्त हो रहे थे।
भारतीय राजस्व सेवा (आयकर कैडर) के 1982 बैच के अधिकारी पीसी मोदी को फरवरी 2019 में सीबीडीटी का प्रमुख नियुक्त किया गया था। समिति ने एक अन्य आदेश में 1983 बैच के आईआरएस अधिकारी प्रभाष शंकर को सीबीडीटी का नया सदस्य नियुक्त किया है।
बोर्ड में अब भी दो पद रिक्त हैं। बोर्ड के अन्य सदस्य पीके दास, अखिलेश रंजन और नीना कुमार हैं। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड में एक चेयरमैन और अधिकतम छह सदस्य हो सकते हैं। सीबीडीटी आयकर विभाग के लिए नीतियां बनाने का काम करता है।