पटना। प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना (पेंशन स्कीम) का लाभ लेने के लिए बिहार से सर्वाधिक किसानों ने निबंधन कराया है। अब तक राज्य के 1,09,473 लघु एवं सीमांत किसानों का निबंधन हुआ है। इसके लिए 91,636 कार्ड प्रिंट हो चुका है।
योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में 1,03,795, छत्तीसगढ़ में 75,246, महाराष्ट्र में 59,637, उड़ीसा में 57,026, गुजरात में 36,088, हरियाणा में 26,517, मध्य प्रदेश में 15,429, आंध्र प्रदेश में 12,225, तमिलनाडु में 10,993, झारखंड में 10,809 एवं राजस्थान में 10,566 लघु एवं सीमांत किसानों ने निबंधन कराया है। इनके अतिरिक्त देश के अन्य राज्यों में भी लघु एवं सीमांत किसानों का निबंधन 10,000 से अधिक नहीं है।
कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना के अंतर्गत 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर लघु और सीमांत किसानों को 3,000 रूपये की मासिक पेंशन मिलेगी। योजना का लाभ लेने के लिए 18 से 40 वर्ष के पंजीकृत किसानों को 60 वर्ष की आयु पूरी होने तक उनकी आय के अनुसार 55 रुपये से 200 रूपये प्रतिमाह पेंशन निधि में अंशदान जमा करना होता है। केंद्र सरकार पेंशन निधि में किसानों द्वारा जमा की गई राशि के बराबर धनराशि अपनी ओर से देगी।
यह योजना 9 अगस्त, 2019 से बिहार में भी लागू हो गई है। किसानों को निबंधन के लिए जागरूक एवं प्रेरित करने के उद्देश्य से 22 से 24 अगस्त, 2019 तक पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाया गया था। पंचायत स्तर पर वसुधा केंद्र एवं काॅमन सर्विस सेंटर में किसानों का निःशुल्क पंजीकरण हो रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि इस योजना का लाभ उठाएं।