पटना/02.09.2019। डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने कहा है कि वैट (जीएसटी से पहले की कर व्यवस्था) के पुराने मामलों के निपटारे के लिए सरकार शीघ्र वन टाइम सेटलमेंट स्कीम लायेगी। वैट की तुलना में कई सामान पर जीएसटी दर में कम आयी है। कंपोजिशन स्कीम की सीमा एक से बढ़ा कर डेढ़ करोढ़ तथा 5 करोड़ तक के टर्नओवर वालों को अब तीन महीने पर विवरणी दाखिल करने की सुविधा होगी।
डिप्टी सीएम बिहार चैंबर ऑफ काॅमर्स सभागार में आयोजित खाद्यान्न व्यवसायियों के राज्यस्तरीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा डेढ़ करोड़ तक टर्नओवर वाले छोटे व्यापारी भी मामूली अंशदान देकर प्रधानमंत्री लघु व्यवसायी मानधन योजना (पेंशन स्कीम ) के तहत तीन हजार रुपये मासिक पेंशन का लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने कहा मंदी की अफवाहों से किसी को निराश होने की जरूरत नहीं है। पिछले साल की तुलना में 2019-20 की पहली तिमाही में उपभोक्ता सामान की बिक्री में इजाफा हुआ है। 2018-19 में जहां बिहार में एक लाख करोड़ से अधिक के सामान बिके, वहीं इस साल 2019-20 के पहले चार महीने (अप्रैल-जून) में ही 34 हजार करोड़ का माल बाहर से बिकने के लिए आ चुका है।
देश में ऑटोमोबाइल के 300 शो रूम बंद होने का दुष्प्रचार किया जा रहा है जबकि बिहार में एक भी शो रूम बंद नहीं हुआ है। इस साल अब तक के चार महीनों में 4.68 लाख वाहनों की बिक्री हुई है, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में 4.57 लाख वाहन बिके।
बिहार में बिस्कुट एवं साबुन जैसे उपभोक्ता सामानों की बिक्री घटने कीे अफवाह के बावजूद इस साल के 4 महीने में अब तक 507 करोड़ की बिस्कुट की बिक्री हुई है जबकि पिछले पूरे साल में 1232 करोड़ की बिक्री हुई थी।
2018-19 की तुलना में 2019-20 की पहली तिमाही में देश में हिन्दुस्तान यूनिलीवर के उत्पादों की बिक्री में 7 फीसदी, डाबर इंडिया की 11, काॅलगेट की 4, नेस्ले की 11, बिग बाजार की 8, एसी की 5 और रेफ्रिजरेटर की बिक्री में 11 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।