मुख्य समाचार

दानवीर भामा शाह की प्रतिमा तैयार, शीघ्र होगा अनावरण   

पटना/02.09.19। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कारोबारियों के निवेदन पर दानवीर भामा शाह की प्रतिमा बन गई है। इसका अनावरण शीघ्र भव्य तरीके से होगा। मुंगेर में राम लखन प्रसाद गुप्त की प्रतिमा बन रही है। इसे तीन महीने में पूरा कर लिया जायेगा। मुख्यमंत्री बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स में बिहार खाद्यान्न व्यवसायी संघ के राज्यस्तरीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। 

सीएम ने कहा कि किसान और व्यवसायियों के हित में 13 साल पहले कृषि ऊपज बाजार अधिनियम को समाप्त कर दिया गया। बाजार समिति की व्यवस्था ठीक की जायेगी। इससे कई सहूलियतों के साथ व्यवसायियों और खरीदारों को सामान के सही रेट की जानकारी मिल सकेगी। 

उन्होंने कहा कि देश में आर्थिक मंदी के अफवाह पर उप मुख्यमंत्री ने तथ्य और आंकड़ों को आपके समक्ष रखा है। आप कारोबार करते रहिए, चिंता करने की जरूरत नहीं है। पटना एवं राज्य के अन्य जिलों के कस्बों में नई दुकानें बढ़ी हैं। सामान की बिक्री भी अच्छी हो रही है। वर्तमान में राज्य की विकास दर 11.3 प्रतिशत है। हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यवसायियों को सुरक्षा के लिए चिंतित होने की जरूरत नहीं है। सरकार पूरी तरह से मुश्तैद है। 60 प्रतिशत अपराध की घटनाएं भूमि एवं संपत्ति विवाद से संबंधित होती है । जो गलत करेगा, उस पर कार्रवाई होगी। न हम किसी को फंसाते हैं, और न किसी को बचाते हैं। आपलोग चिंतामुक्त होकर बुलंदी के साथ काम कीजिए। 

उन्होंने कहा कि पर्यावरण में बदलाव के कारण वर्षापात की स्थिति में भी परिवर्तन आया है। भू-जल स्तर भी घटा है। इसके लिए जल-जीवन-हरियाली अभियान शुरू की गई है। पर्यावरण के साथ जल की व्यवस्था ठीक होने से उत्पादन बढ़ेगा। इसका लाभ व्यवसायियों को मिलेगा। इस कार्य में आपकी भूमिका महत्वपूर्ण है। खाद्यान्न व्यवसायियों का प्रकृति एवं पर्यावरण से अंदरुनी संबंध है। 

कार्यक्रम को सिक्किम के राज्यपाल सह बिहार खाद्यान्न व्यवसायी संघ के संरक्षक गंगा प्रसाद, डिप्टी सीएम, पटना नगर निगम की महापौर एवं खाद्यान्न व्यवसायी संघ के अध्यक्ष बलराम प्रसाद ने भी संबोधित किया। 

इस अवसर पर पथ निर्माण मंत्री, उद्योग मंत्री, श्रम संसाधन मंत्री, विधायक संजीव चौरसिया, दिल्ली खाद्यान्न व्यवसायी संघ के अध्यक्ष श्याम बिहारी सिन्हा, बिहार खाद्यान्न व्यवसायी संघ के महासचिव नवीन कुमार एवं राज्य से आये खाद्यान्न व्यापारी संघ के प्रतिनिधि उपस्थित थे।  
 


संबंधित खबरें