मुख्य समाचार

पटना शहरी क्षेत्र में 5 सितंबर से विशेष वाहन जांच अभियान 

पटना। पटना शहरी क्षेत्र में नये ट्रैफिक नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए 5 से 11 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया जायेगा। अभियान मोटरयान (संशोधन) अधिनियम, 2019 के क्रियान्वयन के क्रम में है। प्रमंडलीय आयुक्त आनंद किशोर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कई निर्देश दिये गये। शहरी क्षेत्र में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर नये नियम के अंतर्गत चलान पीओएस मशीन से स्पाॅट पर ही कटेगा। 

इन गड़बड़ियों पर होगी कार्रवाई : बिना ड्राइविंग लाइसेंस के ड्राइविंग करने, हेलमेट नहीं पहनने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन पर बात करने, परमिट नहीं होने पर, सीट बेल्ट नहीं पहनने, दोपहिया वाहन पर दो से अधिक सवारी करने, नाबालिग के गाड़ी चलाने, ओवर स्पीड में गाड़ी चलाने, खतरनाक ड्राइविंग करने या शराब पीकर वाहन चलाने जैसे ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी वाहनों पर नये नियम के अंतर्गत चलान कटेगा। 

अभियान के लिए 200 ट्रैफिक पुलिस की प्रतिनियुक्ति की गई है। इस दौरान परिवहन विभाग के एमवीआई एवं इएसआई भी रहेंगे।

बैठक में डीएम कुमार रवि, बुडको के एमडी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, ट्रैफिक एसपी डी. अमरकेश, नगर आयुक्त अमित कुमार पांडेय, अपर नगर आयुक्त शीला इरानी, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार के संयुक्त आयुक्त सह सचिव सुशील कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें