नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने वाहन एवं पार्ट्स निर्माता कंपनियों से जीएसटी कटौती का मुद्दा जीएसटी काउंसिल में शामिल राज्य के वित्त मंत्रियों के समक्ष भी उठाने को कहा है। उन्होंने केंद्र की तरफ से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। वित्त राज्य मंत्री वाहनों के पार्ट्स बनाने वालों के संगठन के वार्षिक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
वाहन एवं पार्ट्स निर्माता कंपनियों ने जीएसटी दर 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने की मांग की है। इससे क्षेत्र की सुस्ती दूर होने में मदद मिलेगी। वार्षिक सम्मेलन में अनुराग ठाकुर ने कहा कि जीएसटी दर में किसी प्रकार की कटौती के पहले फिटमेंट कमेटी और उसके बाद जीएसटी काउंसिल से मंजूरी लेनी होती है।
जीएसटी काउंसिल की अगली बैठक 20 सितंबर को गोवा में होगी। वित्त राज्य मंत्री ने कहा मैं आप सभी से जीएसटी काउंसिल में शामिल राज्यों के वित्त मंत्रियों से मिलने और उनके समक्ष अपनी बात रखने का आग्रह करता हूं। वित्त मंत्रालय को कार निर्माताओं, डीलर और संबंधित पक्ष से जीएसटी दर में कटौती को लेकर कई ज्ञापन मिले हैं।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी पिछली बैठक में कहा है कि केंद्र मामले पर विचार के लिए उसे जीएसटी काउंसिल में लेने जाने के लिए तैयार है। केंद्रीय भारी उद्योग एवं सार्वजनिक क्षेत्र राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी वाहन क्षेत्र को भरोसा दिया कि जब संसद का सत्र बढ़ाकर अनुच्छेद 370 जैसी पुरानी समस्या को दूर कर दिया जा सकता है, तो आपकी समस्या बहुत छोटी है। चिंता नहीं करें आपकी समस्या भी सुलझ जायेगी।