नई दिल्ली/एजेंसी। केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर के सेब की सीधी खरीद करने और उत्पादकों को उनका भुगतान सीधे बैंक खाते के जरिये करने की घोषणा की है। सेब के किसानों से खरीद का काम भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (नाफेड) करेगा। खरीद का काम 15 दिसंबर तक पूरा हो जायेगा।
सरकार ने यह कदम इन खबरों के बाद उठाया है कि कुछ आतंकवादियों ने सेब उत्पादकों से अपने उत्पादन को बाजार में नहीं बेचने की धमकी दी है। धारा 370 को समाप्त करने और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांटने के बाद आतंकवादी सेब किसानों को धमकी दे रहे हैं। चार दिन पहले आतंकवादियों ने सोपोर में एक प्रमुख फल कारोबारी के परिवार के सदस्यों पर हमला किया था। घाटी से प्रतिदिन 750 ट्रक सेब देश के अन्य हिस्सों के लिए जाते हैं।