पटना। बिहार में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए 2,87,892 आवेदनों को कृषि विभाग ने वापस कर दिया है। इसकी वजह आवेदन फाॅर्म भरने में गड़बड़ी है। योजना के तहत सभी रैयत किसानों को सलाना 6,000 रुपये दी जा रही है। अब तक राज्य के 59.23 लाख किसानों ने आवेदन किया है एवं 995 करोड़ राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। विभाग ने 43 लाख से अधिक आवेदनों को अपलोड किया है।
किसानों ने अपने आवेदन में बैंक का नाम, आईएफएससी एवं खाता संख्या गलत भरा है। उनका नाम भी बैंक खाता में दर्ज नाम के अनुसार नहीं है। कई किसानों का बैंक खाता एक्टिव नहीं होने के साथ आधार से भी लिंक नहीं है। ऐसे आवदेन की सूची कृषि विभाग की वेबसाईट पर दिये गये लिंक डीबीटी पोर्टल या https://dbtagriculture.bihar.gov.in पर उपलब्ध है।
कृषि मंत्री डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि जिनका आवेदन इस सूची में शामिल है, वे आवेदन में आवश्यक सुधार कर सकते हैं। आवश्यक बदलाव किसान स्वयं या वसुधा केंद्र से भी कर सकते हैं। इसके लिए आधार सत्यापन अनिवार्य है। कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकार की भी मदद ली जा सकती है। सभी क्षेत्रीय कर्मी एवं पदाधिकारियों को किसानों को आवेदन करने में सहायता का निर्देश है ताकि कोई किसान लाभ से वंचित न रह जाये।