पटना। पटना शहरी क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान का दूसरा चरण 22 सितंबर से 30 सितंबर तक चलेगा। इससे पहले 15 से 21 सितंबर तक विशेष ट्रैफिक जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। जागरूकता अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक पुलिस एवं जिला प्रशासन संयुक्त रूप से करेंगे।
लोगों को ट्रैफिक नियम एवं मोटरयान (संशोधन) अधिनियम 2019 की जानकारी देने के लिए बैनर, होर्डिंग एवं पोस्टर लगाये जायेंगे। वाहनों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जायेगा। विशेष लोगों को जागरूक करने के लिए एनसीसी कैडेट्स को भी शामिल जायेगा। विशेष वाहन जांच अभियान का पहला चरण 6 से 12 सितंबर तक था।
प्रमंडलीय आयुक्त आनंद किशोर की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई निर्णय लिये गये। व्यवस्थित यातायात के लिए शहरी क्षेत्र के आठ प्रमुख सड़कों पर 16 सितंबर से पीक ऑवर में ठेलों का परिचालन बंद करने का निर्णय लिया गया।
रविवार को छोड़कर ठेलों का सुबह नौ से दोपहर तीन बजे एवं पांच बजे से रात आठ बजे तक परिचालन बाधित रहेगा। फ्रेजर रोड, एग्जीविशन रोड, बोरिंग रोड, बोरिंग कैनाल रोड, बेली रोड, अशोक राजपथ, कंकड़बाग पुराना फ्लाई ओवर और गांधी मैदान के चारों तरफ पीक ऑवर में जाम की स्थिति रहती है।