पटना। भारत सरकार के जल शक्ति अभियान की रैंकिंग में गया जिला को पहला स्थान मिला है। देश के 253 जिलों में गया को सर्वाधिक 81.47 अंक मिला है। पिछली रैंकिंग में गया का तीसरा स्थान था। दूसरे स्थान पर तेलंगाना के महबूबनगर को 72.18 अंक, तीसरे स्थान पर आंध्रप्रदेश के कदपा को 64.24 अंक तथा चौथे स्थान पर झारखंड के धनबाद को 62.69 अंक मिला है।
रैंकिंग के अनुसार बिहार के 12 जिले गया, नवादा, जहानाबाद, भोजपुर, नालंदा, सारण, गोपालगंज, पटना, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, वैशाली एवं कटिहार में जल शक्ति अभियान का क्रियान्वयन हो रहा है। इन जिलों के 30 वैसे प्रखंड जहां जल संकट की समस्या सबसे अधिक है। उन्हें इस योजना में शामिल किया गया है। प्रत्येक जिला के लिए भारत सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी को इसकी जिम्मेवारी दी गई है।
कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि भूगर्भीय जल का सबसे अधिक उपयोग कृषि कार्य में होता है। इसलिए सबसे बड़ी जिम्मेवारी कृषि विभाग की है। कम पानी के उपयोग से अधिक फसल उत्पादन की तकनीक को बढ़ावा देने के साथ किसानों को जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा मौसम में बदलाव को देखते हुए पारंपरिक फसल चक्र को बदलना होगा। इस काम में कृषि वैज्ञानिकों की भूमिका अहम् होगी। यह कार्यक्रम तभी सफल होगा, जब इसमें व्यापक जन-भागीदारी होगी। इसके लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। वर्षा जल संचय एवं संरक्षण के लिए व्यापक कार्य करने की आवश्यकता है। घर का पानी घर में, खेत का पानी खेत में एवं गांव का पानी गांव के सिद्धांत पर काम हो रहा है। इसी सबका नतीजा है कि आज गया जिला को प्रथम स्थान मिला है।