मुख्य समाचार

रेलवे से सामान आपूर्ति के लिए जेम पोर्टल पर कराएं निबंधन

पटना। पूर्व मध्य रेलवे के जीएम ललित चंद्र त्रिवेदी ने कहा कि जो उद्योग या व्यापारी रेलवे से  अपने सामान की आपूर्ति करना चाहते हैं, वे अपना रजिस्ट्रेशन जेम पोर्टल पर करा लें। सरकार के निर्देश के तहत रेलवे भी अपनी खरीदारी जेम पोर्टल से कर रहा है। जीएम बिहार उद्योग संघ (बीआईए) परिसर में रेलवे में हो रहे विकास कार्यों पर उद्योग की भागीदारी पर एक परिचर्चा को संबोधित कर रहे थे।

जीएम ने कहा कि पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत मालगाड़ी रैक की कमी नहीं है। साथ ही कोई वेटिंग लिस्ट भी नहीं है। रेल टेंडर में एमएसएमई एवं आरडीएसओ आपूर्तिकर्ताओं को सिक्योरिटी डिपाॅजिट में राहत के लिए रेल मंत्रालय को पत्र लिखा गया है। 

पूर्व मध्य रेलवे प्रति वर्ष पांच हजार करोड़ रुपये के सामान की खरीद करता है। इसमें बिहार के आपूर्तिकर्ता मात्र 30 से 35 करोड़ के सामान की आपूर्ति करते हैं। जीएम ने इसे बढ़ाने पर जोर दिया। इसके लिए हम वेंडर डेवलपमेंट कार्यक्रम का आयोजन कर सहयोग करने के लिए सजग हैं।    

जीएम ललित चंद्र त्रिवेदी ने बताया कि पूर्व मध्य रेलवे इस साल अगस्त तक 1588 करोड़ रुपये अर्जित कर देश का सबसे अधिक आय अर्जित करने वाला जोन बन गया है। जोन के पांच डिविजन पर सालाना सात से आठ करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं।

पटना स्टेशन पर बना एसी वेटिंग रूम विश्व का सबसे बड़ा वेटिंग रूम है। मार्च 2021 तक बिहार की सभी रेल लाइन बड़ी लाइन में बदल जायेगी। रेलवे को राज्य में विभिन्न प्रोजेक्ट्स लगाने में सबसे अधिक परेशानी भू-अर्जन की है।

परिचर्चा में पूर्व मध्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, बीआईए के अध्यक्ष केपीएस केशरी, उपाध्यक्ष रमेश चंद्र गुप्ता समेत कई सदस्य मौजूद थे।  
 


संबंधित खबरें