नई दिल्ली/पटना। बिहार की पांच विधानसभा एवं एक लोकसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा चुनाव आयोग ने कर दी है। विधानसभा सीट नाथनगर, बेलहर, किशनगंज, सिमरी बख्तियारपुर एवं दरौंदा और लोकसभा सीट समस्तीपुर है। इन सीटों पर मतदान 21 अक्टूबर को और रिजल्ट 24 अक्टूबर को आयेगा। महाराष्ट्र और हरियाणा में भी विधानसभा चुनाव 21 अक्टूबर को होंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोरा ने इसकी जानकारी दी।
बिहार की पांचों विधानसभा सीट विधायकों के सांसद बनने से रिक्त हैं। समस्तीपुर लोकसभा सीट लोजपा सांसद रामचंद्र पासवान के निधन से खाली है। विधानसभा चुनाव 2015 एवं लोकसभा चुनाव 2019 में हुए थे।
नाथनगर से जदयू विधायक रहे अजय मंडल अभी भागलपुर से सांसद हैं। बेलहर से जदयू विधायक रहे गिरिधारी यादव बांका से सांसद, सिमरी बख्तियारपुर से जदयू विधायक रहे दिनेश चंद्र यादव मधेपुरा से सांसद, किशनगंज से कांग्रेस विधायक रहे मो. जावेद किशनगंज से सांसद एवं दरौंदा से जदयू विधायक रहीं कविता सिंह वर्तमान में सीवान से सांसद हैं।