मुंगेर। मुंगेर में 105 करोड़ रुपये की लागत से फाॅरेस्ट्री काॅलेज एवं 80 करोड़ की लागत से इंजीनियरिंग काॅलेज निर्माण कार्य का मुख्यमंत्री नतीश कुमार ने शिलान्यास किया। पोलो मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंगेर की पृष्ठभूमि काफी सुंदर है। यहां का फाॅरेस्ट्री काॅलेज इतना भव्य होगा कि देश से लोग इसे देखने आएंगे। डेढ़ साल में दोनों भवनों के निर्माण का लक्ष्य है।
सीएम ने कहा कि दो अक्टूबर से जल-जीवन-हरियाली अभियान शुरू हो रहा है। हर पंचायत में इस अभियान की शुरुआत कर लोगों में जागृति लायी जायेगी। जल और हरियाली के बीच ही जीवन है। पूरे बिहार में आहर-पईन, तालाब, चापाकल और सार्वजनिक कुओं का सर्वे कराया हो रहा है ताकि उन्हें अतिक्रमण से मुक्त कर उनका जीर्णोद्धार किया जा सके। बदलते मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री ने किसानों से फसल चक्र भी बदलने की अपील की।
समारोह को डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, मंत्री जय कुमार सिंह, अशोक चौधरी एवं शैलेश कुमार, सांसद ललन सिंह, प्रधान सचिव दीपक कुमार, चंचल कुमार एवं हरजोत कौर ने भी संबोधित किया।