पटना। पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन एवं दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के बीच करार पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में हस्ताक्षर किये गये। राज्य सरकार की तरफ से नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद एवं दिल्ली मेट्रो रेल के प्रबंध निदेशक मंगू सिंह के बीच करार का आदान-प्रदान किया गया।
करार के बाद पटना मेट्रो के दोनों कॉरिडोर का निर्माण डीएमआरसी शुरू कर देगा। परियोजना का कार्य विभिन्न चरणों में होगा। इसके अंतिम चरण का कार्य सितंबर 2024 में पूर्ण हो जाएगा। 31.39 किलोमीटर के परियोजना में पूर्वी-पश्चिम कॉरिडोर 16.94 किलोमीटर एवं उत्तरी-दक्षिणी कॉरिडोर 14.45 किलोमीटर है। पूर्वी-पश्चिमी कॉरिडोर में तीन एलिवेटेड स्टेशन, आठ अंडरग्राउंड स्टेशन एवं एक ग्रेड स्टेशन शामिल हैं। उत्तरी-दक्षिणी कॉरिडोर में 9 एलीवेटेड स्टेशन एवं 3 अंडरग्राउंड स्टेशन हैं।
इस अवसर पर डिप्टी सीएम, नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा, मुख्य सचिव एवं सीएम सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।