पटना/29.09.19। पटना जिला के सभी निजी एवं सरकारी स्कूल 30 सितंबर और एक अक्टूबर को बंद रहेंगे। लगातार हो रही बारिश एवं जलजमाव को देखते हुए डीएम ने आदेश जारी किया है।
राजधानी समेत पूरे सूबे में दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। पटना के कई हिस्सों में छह फीट तक पानी जमा है। शहर झील में तब्दील है। घर, दुकान एवं कार्यालयों में पानी आ जाने से स्थिति गंभीर है। बुजुर्ग एवं महिलाएं घरों में फंसे हुए हैं। कई इलाकों में दो दिनों से बिजली नहीं है।
जिला प्रशासन ने राहत के लिए छह टीम बनायी है। टीम के जारी नंबरों पर फोन रिसीव नहीं करने की शिकायत मिल रही है। सर्वाधिक परेशानी पेयजल, दूध एवं भोजन को लेकर है। अस्पताल एवं क्लिनिक में भी पानी आने से मरीज परेशान हैं।
कुछ समाजसेवी पीड़ितों की मदद करना चाह रहे हैं, लेकिन समस्या नाव की है। उन्होंने जिला प्रशासन से नाव की मांग की है।