पटना/29.09.19 । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में जलजमाव वाले क्षेत्रों का आज जायजा लिया। उन्होंने गांधी मैदान, एग्जीबिशन रोड, कंकड़बाग रोड, एनएमसीएच, अगमकुआं, बाइपास एवं अनिशाबाद समेत कई स्थानों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।
सीएम ने कहा कि वर्तमान स्थिति प्रकृति प्रदत है। राहत के लिए पूरी टीम लगी हुई है। लोगों से हौसला बुलंद रखने की अपील की। बारिश की स्थिति को लेकर उन्होंने कहा मौसम विज्ञान वाले सटीक जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। मेरा अनुमान है कि कम से कम तीन दिनों तक बारिश होगी।
इससे पहल सीएम ने सरदार पटेल भवन में आपदा प्रबंधन विभाग के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि राजेंद्र नगर क्षेत्र से छात्र-छात्राओं को छात्रावास से निकाला गया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम जलजमाव वाले क्षेत्रों में तैनात है। ग्राउंड फ्लोर से लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा जा रहा है। छह जगहों पर सुधा का बूथ खुले रखने के इंतजाम किये गये हैं। पेयजल के लिए 50 टैंकर की व्यवस्था है।