मुख्य समाचार

वंदे भारत एक्सप्रेस से करें मां वैष्णो देवी के दर्शन  

नई दिल्ली/03.10.19। मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए भारतीय रेलवे ने हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू की है। ट्रेन नई दिल्ली से कटरा जायेगी। नई दिल्ली स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी गृहमंत्री अमित शाह ने दिखाई। हालांकि ट्रेन का व्यावसायिक परिचालन पांच अक्टूबर से शुरू होगा। इस मौके पर रेल मंत्री पीयूष गोयल समेत कई केंद्रीय मंत्री मौजूद थे। 

मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए सबसे नजदीक का स्टेशन कटरा है। नई दिल्ली से कटरा का सफर मात्र आठ घंटे में पूरा होगा। ट्रेन मंगलवार को छोड़ सप्ताह के सभी दिन चलेगी। ट्रेन संख्या-22439 नई दिल्ली स्टेशन से सुबह छह बजे खुलकर दोपहर दो बजे कटरा पहुंचेगी।

उसी दिन ट्रेन संख्या-22440 कटरा से दोपहर तीन बजे खुलकर नई दिल्ली रात 11 बजे पहुंचेगी। सफर के दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस अंबाला कैंट, लुधियाना और जम्मू तवी स्टेशनों पर दो-दो मिनट रूकेगी। 

ट्रेन में 1128 श्रद्धालुओं के लिए 16 कोच हैं। इनमें 14 चेयर कार और दो एग्जीक्यूटिव चेयर कार हैं। चेयर कार का किराया 1630 और एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया 3015 रुपये है। शाकाहारी भोजन की भी व्यवस्था है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह दूसरी वंदे भारत ट्रेन है। इससे पहले नई दिल्ली से वाराणसी वंदे भारत को शुरू किया गया था। 
 


संबंधित खबरें