मुख्य समाचार

बिहार उपचुनाव में एनडीए को नुकसान, एआईएमआईएम का खुला खाता 

पटना। बिहार की एक लोकसभा एवं पांच विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में एनडीए को बड़ा झटका लगा है। इस चुनाव की खास यह रही कि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम का बिहार में खाता खुल गया। किशनगंज से एआईएमआईएम प्रत्याशी कमरूल होदा ने भाजपा की स्वीटी सिंह को 10204 मतों से पराजित किया।

विधानसभा उपचुनाव में राजद को दो, जदयू को एक, एआईएमआईएम और निर्दलीय को एक-एक सीट मिली है । समस्तीपुर लोकसभा सीट लोजपा के पास ही रह गयी। लोजपा प्रत्याशी प्रिंस राज ने कांग्रेस के डाॅ अशोक कुमार को 1,02,090 मतों से हराया । 

राजद को बेलहर (बांका) और सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) सीट पर सफलता मिली है। बेलहर से राजद प्रत्याशी रामदेव यादव ने जदयू के लालधारी यादव को 19231 वोट से हराया जबकि सिमरी बख्तियारपुर से राजद के जफर आलम ने जदयू के डाॅ अरुण कुमार को 15505 मतों से पराजित किया। 

दरौंदा (सीवान) सीट निर्दलीय उम्मीदवार कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह को मिली। उन्होंने जदयू के अजय कुमार सिंह को 27279 वोट से शिकस्त दी। जदयू को सिर्फ नाथनगर (भागलपुर) सीट से संतोष करना पड़ा। जदयू के लक्ष्मीकांत मंडल ने राजद की रबिया खातून को मात्र 979 मतों से हराया।        
 


संबंधित खबरें