पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गांधी मैदान के पूर्वी छोर पर देश के पहले एवं सबसे बड़े खादी मॉल का उदघाट्न किया। उन्होंने कहा कि यह मॉल काफी उपयोगी है। हमने यहां के सामान को देखने के बाद कुछ सुझाव दिए हैं।

प्रतिदिन के उपयोगी सामान, मशीन से निर्मित वस्त्र के साथ हैंडमेड सामान भी उपलब्ध हैं। यहां उपलब्ध सामान की क्वालिटी अच्छी है। सीएम नेे कहा कि इसका नाम खादी मॉल है, लेकिन यह अपने आप में विशिष्ट है। यहां बाद में नये उत्पाद को शामिल करने के साथ हैंडलूम को भी प्रमोट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की मांग के अनुरुप सामान का निर्माण किया गया है। इस उत्साह वर्धक कार्य के लिए सीएम ने उद्योग मंत्री एवं पूरी टीम को बधाई दी है।
पत्रकारों को जानकारी देने से पहल मुख्यमंत्री ने टच स्क्रीन के माध्यम से मॉल के विभिन्न तल पर स्थित सामान की विवरणी को देखा। मॉल में स्थित बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धा अर्पित की। मॉल के विभिन्न तल पर खादी निर्मित वस्त्र, हैंडीक्राफ्ट, मधुबनी पेंटिंग्स, सौंदर्य प्रसाधन, फूड एवं ग्रामोद्योग प्रोडक्ट्स एवं अन्य उपयोगी सामग्रियों का उन्होंने अवलोकन किया।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्याम रजक, सीएम के प्रधान सचिव चंचल कुमार, उद्योग सचिव नर्मदेश्वर लाल, सीएम के सचिव मनीष कुमार वर्मा एवं अनुपम कुमार, जीविका के सीईओ बाला मुरुगन डी, बिहार खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के एमडी रवि शंकर श्रीवास्तव, खादी बोर्ड के सीईओ बीएन प्रसाद, उप निदेशक उमेश सिंह समेत कई गणमान्य मौजूद थे।