मुख्य समाचार

गया में आधुनिक मशीन से होगी भूगर्भ नालों की सफाई

पटना। गया शहर में आधुनिक मशीन से भूगर्भ नालों की सफाई होगी। सफाई साल में दो बार होगी। कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार के प्रस्ताव पर नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा ने अपनी सहमति दी। नगर विकास एवं आवास विभाग में आयोजित बैठक में सचिव आनंद किशोर, गया के नगर आयुक्त सावन कुमार, महापौर वीरेंद्र कुमार एवं उपमहापौर मोहन श्रीवास्तव मौजूद थे। 

बैठक में जनहित से जुडे़ कई कार्यों पर चर्चा हुई। इनमें गया के लिए मास्टर प्लान तैयार करना, मेला क्षेत्र एवं प्रमुख सड़कों से बिजली खंभे को हटाकर अंडरग्राउंड केवलिंग करना, नगर निगम के अंतर्गत सभी जमीन की मापी कराकर अतिक्रमण मुक्त कराना, सभी तालाब एवं कुओं का जीर्णोंद्धार, इंडोर स्टेडियम का जीर्णोंद्धार, प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक लाईट सिस्टम की व्यवस्था, ठोस कचरा प्रबंधन शामिल है।

गया में पिंडदान करने के लिए सालों भर यात्री आते रहते हैं। इसके लिए सफाई पर जोर दिया गया। सभी पार्कों एवं गांधी मैदान के सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा हुई। डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि गया अंतरराष्ट्रीय महत्व का शहर है। इसलिए इसका विकास उसी अनुरूप होना चाहिए। 


संबंधित खबरें