राजगीर/पटना । गुरुनानक देव के 550 वें प्रकाश पर्व को राजगीर में 27 से 29 दिसंबर 2019 तक मनाया जायेगा। राजगीर में शीतल कुंड विख्यात है। आज उसी स्थान पर गुरुद्वारा शीतल कुंड का निर्माण हो रहा है। गुरु नानक ने इस स्थल को अपने चरण से स्पर्श कर शीतल जल का फुहारा प्रकट कर दिया था।
550वें प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं है। उन्होंने कहा कि गुरुनानक के व्यक्तित्व में दार्शनिक, योगी, गृहस्थ, धर्म संस्थापक, समाज सुधारक, कवि, देशभक्त एवं विश्वबंधु के गुण मिलते हैं। उन्होंने शांति, दया एवं मानवता का पवित्र संदेश देने के लिए चारों दिशाओं में यात्राएं की थीं, जिन्हें ‘उदासी’ नाम से जाना जाता है।
सीएम ने कहा कि गुरुनानक देव के समग्र एवं समरस समाज बनाने के सपने को पूरा करने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने ‘इक ओंकार’ का नारा दिया था यानी ईश्वर एक है। वे कहा करते थे कि किसी भी तरह के लोभ को त्याग कर, मेहनत कर और न्यायोचित तरीकों से धन का अर्जन करना चाहिए।
कभी किसी का हक नहीं छीनना चाहिए बल्कि मेहनत और ईमानदारी की कमाई से जरूरतमंदों की भी मदद करनी चाहिए। धन को जेब तक ही सीमित रहना चाहिये। हम सभी को गुरुनानक देव के संदेशों को अपने जीवन में उतारने की कोशिश करनी चाहिए।