मुख्य समाचार

प्रकाश पर्व को लेकर नालंदा एवं पटना प्रशासन के साथ बैठक 

पटना। गुरु नानक देव के 550 वें एवं गुरु गोविंद सिंह के 353 वें प्रकाश पर्व की तैयारियों से संबंधित समीक्षा बैठक पटना प्रमंडल आयुक्त की अध्यक्षता में हुई। गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व 27 से 29 दिसंबर, 2019 तक राजगीर में और गुरु गोविंद सिंह का प्रकाश पर्व 31 दिसंबर से दो जनवरी 2020 तक पटना में होगा। 

बैठक में आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल, पटना के डीएम कुमार रवि, नालंदा के डीएम योगेंद्र सिंह, पटना की एसएसपी गरिमा मलिक, नालंदा के एसपी निलेश कुमार, पटना नगर निगम के आयुक्त अमित कुमार पांडेय, गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के महासचिव महेंद्र पाल सिंह, पर्यटन एवं राज्य परिवहन विकास निगम के अधिकारी, आयुक्त के सचिव एमएस कैशर, एडीएम विधि-व्यवस्था समेत संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

पर्यटन विकास निगम कंगन घाट में श्रद्धालुओं के रहने के लिए 5000 क्षमता की टेंट सिटी का निर्माण करायेगा। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति, पटना सिटी के महासचिव ने बताया कि प्रकाश पर्व को देखते हुए काफी संख्या में श्रद्धालुओं के पटना एवं राजगीर आने की संभावना है। इस कारण पर्याप्त संख्या में बसों की व्यवस्था का निर्देश आयुक्त ने परिवहन विभाग को दिया।

राजगीर प्रशासन को समारोह स्थल एवं समीप के क्षेत्रों की सफाई, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पेयजल, शौचालय, अग्शिमन, पार्किंग स्थल एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था करने का निर्देश मिला। कंगन घाट एवं राजगीर में श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था गुरुद्वारा प्रबंधन समिति करेगा। 


संबंधित खबरें