आरा । अश्वारोही सैन्य पुलिस, आरा के शताब्दी समारोह का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुब्बारा उड़ाकर शुभारंभ किया। माउंटेड मिलिट्री पुलिस मैदान में आयोजित समारोह में अश्वारोही सैन्य पुलिस की गौरवशाली उपलब्धियों से संबंधित चित्र प्रदर्शनी, प्रतिमा का अनावरण, पुलिस कर्मियों को सम्मानित एवं स्मारिका का विमोचन किया गया।
सीएम ने कहा कि सौ साल पहले अक्टूबर 1919 में अश्वारोही सैन्य पुलिस का गठन हुआ था। पटना के गांधी मैदान में पहले गणतंत्र दिवस समारोह में इस बल ने परेड में हिस्सा लिया था। 1950 में देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने अपने बिहार आगमन पर इस बल को पुरस्कृत किया था। आरा ऐतिहासिक जगह है। यह बाबू वीर कुंवर सिंह की धरती है। अश्वारोही सैन्य पुलिस ने आज प्रदर्शन कर बाबू वीर कुंवर सिंह और महाराणा प्रताप की याद दिला दी।
समारोह को डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय, अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी एवं बीएमपी के डीजी एसके सिंघल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम लिमिटेड के एमडी सुनील कुमार, डीजी आलोक राज, सीएम के प्रधान सचिव चंचल कुमार एवं सचिव मनीष कुमार वर्मा, डीएम रौशन कुमार कुशवाहा, एसपी सुशील कुमार समेत कई वरीय पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित थे।