पटना। जिले के फतुहा के मसाढ़ी गांव में विस्टेक्स हॉस्पिटल कुपोषित बच्चों का बेहतर इलाज करेगा। डॉक्टर्स फॉर यू के तत्वावधान में विस्टेक्स फाउंडेशन के प्रयास से केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने हॉस्पिटल का शुभारंभ किया।
केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने कहा कि इस हॉस्पिटल में ओपीडी एवं सर्जरी की सुविधा मरीजों को मिलेगी। मात्र पांच रुपये में मरीजों का रजिस्ट्रेशन होगा। एक ही छत के नीचे पैथोलॉजी एवं एक्स रे की सुविधा बाजार से आधे दाम पर यहां उपलब्ध होगी।
विस्टेक्स फाउंडेशन के अध्यक्ष संजय साह ने कहा कि विगत कई साल से आपदा के वक्त डॉक्टर्स फॉर यू के चिकित्सकों ने अहम भूमिका निभाई है। डाॅ रविकांत ने कहा कि समाज सेवा की भावना से इस हॉस्पिटल का शुभारंभ किया गया है। अस्पताल के समीप हर गांव से कुपोषित बच्चों को लाया जायेगा तथा उन्हें पौष्टिक आहार दिया जायेगा।
इस अवसर पर यूनिसेफ के डाॅ असर्दुर रहमान, बिहार फाउंडेशन के सीईओ अभय कुमार, डाॅ अजीत राय, डाॅ केशव, डाॅ संजय, डाॅ निधि, डाॅ तुषार तथा डाॅ रीजू समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।