मुख्य समाचार

सीएसआर के तहत स्ट्रीट वेंडरों को मुफ्त में मिलेगा गैस कनेक्शन

पटना। वायु प्रदूषण को कम करने के लिए फुटपाथ के दुकानदार (स्ट्रीट वेंडर) को  मुफ्त में गैस चूल्हा एवं कनेक्शन मिलेगा। पहले चरण में पटना के 150 वेंडरों को कनेक्शन दिया जायेगा। एसके मेमोरियल हाॅल में दो दिसंबर, 2019 को आयोजित एक कार्यक्रम में इसकी शुरुआत होगी। गैस कनेक्शन पाने वालों से एफिडेविट लिया गया है कि वे कोयला, लकड़ी एवं गोइठा का इस्तेमाल नहीं करेंगे।

पटना के प्रमंडलीय आयुक्त सह परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि काॅरपोरेट सोशल रेस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के तहत बिहार स्टेट रोड डेवलपेंट काॅरपोरेशन (बीएसआरडीसी) और आईओसी के सौजन्य से गैस कनेक्शन वितरित किया जायेगा। वायु प्रदूषण में कमी लाने के लिए कोयले के चूल्हे पर रोक लगाते हुए नई सुविधा दी जा रही है। 

विभिन्न जगहों पर किये गये सर्वे के आधार पर लगभग 500 वेंडरों को यह लाभ दिया जायेगा। पहले चरण में बेली रोड, हड़ताली मोड़ और पुनाईचक के 150 वेंडरों को यह लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में स्ट्रीट वेंडरों का हेल्थ चेकअप भी किया जायेगा।

बीएसआरडीसी पांच किलोग्राम सिलिंडर, रेगुलेटर एवं पाइप उपलब्ध करायेगा। आईओसी के ईडी प्रभाष कुमार ने बताया कि कंपनी की ओर से फ्री चूल्हा दिया जायेगा। कोयला, लकड़ी या गोइठा से जलने वाले चूल्हे से निकला धुआं दुकानदार के साथ लोगों की सेहत पर खराब असर डालता है। इससे अस्थमा, टीबी, खांसी, कैंसर एवं एलर्जी की बीमारी होती है। 


संबंधित खबरें