मुख्य समाचार

आयकर विभाग ने नवंबर तक रिफंड किये 1.46 लाख करोड़ टैक्स 

नई दिल्ली। आयकर विभाग ने 2019-20 के पहले आठ माह में नवंबर तक 1.46 लाख करोड़ रुपये के कर रिफंड किये हैं। यह रिफंड 2.10 करोड़ मामलों के आकलन के बाद किया गया। विभाग का कहना है कि पिछले साल की इस अवधि की तुलना में कर रिफंड का आंकड़ा 20 प्रतिशत बढ़ा है। 

केंद्रीकृत प्रसंस्करण केंद्र (सीपीसी) में मामलों की जांच प्रक्रिया तेज होने के बाद रिफंड प्रक्रिया की गति बढ़ी है। सीपीसी ने अप्रैल 2019 से 28 नवंबर तक चालू वित्त वर्ष के आठ माह में 4.70 करोड़ कर रिटर्न प्रोेसेस किया। एक साल पहले समान अवधि में यह आंकड़ा 3.91 करोड़ था। 

सीपीसी ने आकलन वर्ष 2019-20 के लिए 28 नवंबर तक 2.10 करोड़ कर रिफंड के मामलों का निपटारा किया। एक साल पहले इसी अवधि में उसने 1.75 करोड़ कर रिफंड के मामलों का निपटारा किया था। यह 20 प्रतिशत की वृद्धि है। चालू वित्त वर्ष में 28 नवंबर तक कर रिफंड के तहत कुल 1.46 लाख करोड़ रुपये की राशि लौटाई गई है, जो एक साल पहले समान अवधि में 1.19 लाख करोड़ रुपये थी। इस तरह कर रिफंड की राशि में 22.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई। 

वित्त वर्ष 2019-20 में 2.10 करोड़ कर रिफंड के निपटाए गए मामलों में से 68 प्रतिशत में रिफंड आयकर रिटर्न के ई-सत्यापन के 30 दिन के अंदर जारी किये गये। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 57 प्रतिशत था। सीपीसी ने जारी सभी रिफंड करदाता के बैंक खातों में डाले हैं। 29 नवंबर तक सत्यापित लंबित रिफंड की संख्या 20.76 लाख थी। फिलहाल इनके प्रोसेस का काम चल रहा है।
 


संबंधित खबरें