मुख्य समाचार

मेरे दफ्तर को छोड़कर जीएसटी दरों में वृद्धि की चर्चा हर जगह : सीतारमण

नई दिल्ली/एजेंसी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि राजस्व बढ़ाने के लिये जीएसटी दरों में वृद्धि की चर्चा मेरे दफ्तर को छोड़कर हर जगह है। जीएसटी काउंसिल की बैठक से पहले उन्होंने यह बात कही। वह राजस्व में कमी को पूरा करने के लिये 5, 12, 18 और 28 प्रतिशत जीएसटी दरों में वृद्धि की चर्चा पर पूछे गये सवालों का जवाब दे रही थीं। 

हालांकि उन्होंने जीएसटी दरों में वृद्धि से इनकार नहीं किया और कहा कि उनके मंत्रालय को इस पर अभी गौर करना है। वित्त मंत्री ने राज्यों को आश्वस्त किया है कि केंद्र सरकार जीएसटी से होने वाले राजस्व नुकसान की भरपाई की अपनी प्रतिबद्धता को निभाएगी। उन्होंने यह नहीं बताया कि केंद्र कब तक यह भरपाई कर देगा। राज्यों की शिकायत है कि उन्हें जीएसटी राजस्व में होने वाले नुकसान की अगस्त से भरपाई नहीं की जा रही है।

देश में जीएसटी व्यवस्था लागू होते समय केंद्र ने राज्यों से वादा किया था कि उनके राजस्व में होने वाले नुकसान की वह भरपाई करेगा। केंद्र ने पांच साल तक राज्यों को यह मदद देने का वादा किया है। देश में जीएसटी व्यवस्था 1 जुलाई 2017 से अमल में है। 
 


संबंधित खबरें