मुख्य समाचार

सीएम ने पोर्न साइट्स पर रोक के लिए पीएम को लिखा पत्र 

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर इंटरनेट पर उपलब्ध पोर्न साइट्स एवं अनुचित सामग्री पर प्रतिबंध की मांग की है। प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में लिखा गया है कि पिछले कुछ समय से देश के विभिन्न राज्यों में महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म एवं बाद में जघन्य तरीके से हत्या की घटनाओं ने जनमानस को झकझोर दिया है। यह अत्यंत दुःख एवं चिंता का विषय है।

सीएम ने अपने पत्र में लिखा है कि इंटरनेट पर लोगों की असीमित पहुंच के कारण बड़ी संख्या में बच्चे एवं युवा अश्लील, हिंसक एवं अनुचित सामग्री देख रहे हैं, जो सही नहीं है। कई मामलों में दुष्कर्म की घटनाओं के वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किये जा रहे हैं।    

यद्यपि इस संबंध में आईटी एक्ट 2000 (संशोधित 2008) में कुछ प्रावधान किये गये हैं, लेकिन वे प्रभावी नहीं हो रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने भी इस संबंध में सरकार को कई निर्देश दिये हैं। मेरे विचार से अभिव्यक्ति एवं विचारों की स्वतंत्रता के नाम पर इस तरह की अनुचित सामग्री की असीमित उपलब्धता उचित नहीं है। 

महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध हो रहे ऐसे अपराधों के निवारण के लिए प्रभावी कार्रवाई किया जाना आवश्यक है। इंटरनेट सेवा प्रदाताओं को भी कड़े निर्देश देने की आवश्यकता है। अभिभावक, शैक्षिक संस्थान एवं गैर-सरकारी संगठनों के सहयोग से व्यापक जागरूकता अभियान चलाना भी आवश्यक है। 
 


संबंधित खबरें