मुख्य समाचार

सीएए को लेकर अफवाह फैलाने वालों से बचें : पीएम

नई दिल्ली/पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को भरोसा दिलाया है कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) से देश का कोई भी नागरिक चाहे वह किसी भी धर्म का हो प्रभावित नहीं होगा। कानून को लेकर हो रहे हिंसक प्रदर्शन दुर्भाग्यपूर्ण और अत्यंत दुखद हैं। मेरी सभी से अपील है कि वे अफवाह और झूठ फैलाने वालों से बचें।

उन्होंने कहा बहस, चर्चा और मतभेद लोकतंत्र का अहम हिस्सा रहे हैं, लेकिन सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और सामान्य जन-जीवन में व्यवधान हमारे लोकाचार का कभी भी हिस्सा नहीं रहा। नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 संसद के दोनों सदनों से भारी बहुमत से पारित हुआ है। 

प्रधानमंत्री ने कहा है कि किसी भी भारतीय को इसे लेकर चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। यह कानून केवल उन लोगों के लिए है, जिन्होंने वर्षों से बाहर उत्पीड़न का सामना किया है। जिनके पास भारत आने के अलावा और कोई जगह नहीं है। समय की मांग है कि हम सभी भारत के विकास तथा प्रत्येक देशवासी, विशेषकर गरीब, दलित और समाज के हाशिये पर जी रहे लोगों को सशक्त बनाने के लिए मिल कर प्रयास करें। स्वार्थी तत्वों को हम अशांति पैदा करने की अनुमति नहीं दे सकते हैं।  

इधर, नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में वामदलों के बिहार बंद का आंशिक असर रहा । बंद समर्थकों ने कुछ जगहों पर व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद करवाया। साथ ही कई वाहनों को क्षतिग्रस्त भी किया। ट्रेन एवं बसों के परिचालन बाधित होने के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।पटना के फुलवारीशरीफ में इमारत ए शरिया भी बंद के समर्थन में सड़क पर उतरा। 21 दिसंबर को राजद ने सीएए के विरोध में बिहार बंद का आहवान किया है।         


संबंधित खबरें