मुजफ्फरपुर। जल-जीवन-हरियाली यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कांटी प्रखंड के दरियापुर में एईएस (चमकी बुखार) प्रभावित परिवारों से मिले। उन्होंने क्षेत्र में जागरूकता के लिए मोबाइल वाणी की शुरुआत की। एईएस से बचाव के लिए जागरूकता कार्यक्रम को और तेज करने का भी निर्देश दिया।
सीएम ने मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 140 का उद्घाटन किया। साथ ही जीर्णोद्धार किये गये कुओं एवं फसल अवशेष प्रबंधन संबंधित प्रदर्शनी को भी देखा। जीविका के अधिकारियों ने बताया कि दरियापुर में एईएस प्रभावित परिवार कोे जीविकोपार्जन योजना के तहत रोजगार दिया गया है और उन्हें जीविका के स्वयं सहायता समूह से भी जोड़ा गया है। 11 करोड़ 39 लाख राशि स्वयं सहायता समूहों को सामुदायिक निवेश के रूप में दी गई है।
इस दौरान नगर विकास एवं आवास मंत्री, मुख्य सचिव, डीजीपी, संबंधित विभागों के प्रधान सचिव एवं सचिव, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त, डीएम एवं एसएसपी मौजूद थे।