पटना। कंकड़बाग पार्क में पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली की प्रतिमा का लोकार्पण किया गया। अरुण जेटली की पत्नी संगीता जेटली, पुत्र रोहन जेटली एवं पुत्री सोनाली जेटली समेत परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था में जीएसटी का कार्यान्वयन अरुण जेटली के कार्यकाल में हुआ। विपरीत परिस्थितियों में भी वे विचलित नहीं होते थे। अरुण जेटली हमेशा उत्साहित होकर अपनी बात रखते थे। बिहार से उनका विशेष लगाव था। वे सबकी बातों को गौर से सुनते थे और उस पर सलाह देते थे। वे एक उत्कृष्ट न्यायविद् भी थे। उन्होंने बिहार को जो सहयोग दिया है, उसे हम नहीं भूल सकते।
इस मौके पर पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजय करोल, डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, कई मंत्री, सांसद एवं विधायक समेत सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।