मुख्य समाचार

जेम पोर्टल पर निबंधन कराएं विक्रेता, सरकार खरीदेगी आपसे सामान  

पटना। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने विक्रेता एवं सेवा प्रदाताओं से कहा है कि वे जेम (गर्वनमेंट ई मार्केट प्लेस) पोर्टल पर निबंधन कराएं। इससे आपको सुविधा होगी। सरकारी सामान की खरीदारी बिहार के निबंधित विक्रेताओं से की जायेगी। 

इस व्यवस्था में पारदर्शिता के साथ समय पर भुगतान की सुविधा है। इसके जरिये विक्रेता देश में कहीं भी अपना सामान बेच सकते  हैं । फिलहाल जेम से सामान की खरीदारी मुख्यालय स्तर पर हो रही है। शीघ्र खरीद का विस्तार जिला स्तर तक किया जायेगा। डिप्टी सीएम अधिवेशन भवन में जेम संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। 

संवाद कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के वाणिज्य मंत्रालय एवं बिहार सरकार के वित्त विभाग ने किया था। संवाद में जेम पोर्टल की सुविधा, निबंधित विक्रेताओं की समस्या एवं समाधान पर चर्चा हुई। जेम के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी एस. सुरेश कुमार ने समस्याओं का निदान बताया। साथ में डिप्टी सीईओ निर्मल कुमार भी थे।   

बिहार चौथे स्थान पर : अब तक जेम पोर्टल पर 704.31 करोड़ की खरीदारी कर बिहार देश में चौथे स्थान पर है। जेम पोर्टल पर बिहार के 3871 विक्रेता एवं सेवा प्रदाता निबंधित हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि अगले तीन महीने में 300 करोड़ की और खरीदारी कर एक हजार करोड़ का लक्ष्य पूरा किया जायेगा। सप्लायर को भुगतान में परेशानी न हो। इसके लिए स्टेट जेम पोर्टल पुल खाते में राशि जमा की जायेगी। 

नगर विकास विभाग अव्वल : अब तक नगर विकास एवं आवास विभाग ने सर्वाधिक 305 करोड़ रुपये की खरीदारी जेम से की है। समाज कल्याण ने 137 करोड़, गृह विभाग ने 118 करोड़, स्वास्थ्य विभाग ने 26, विज्ञान व प्राद्योगिकी ने 24 एवं शिक्षा विभाग ने 21 करोड़ की ऑनलाइन खरीदारी जेम पोर्टल से की है। समाज कल्याण विभाग ने 94 करोड़ का स्मार्ट फोन एवं गृह विभाग ने 91.50 करोड़ के वाहनों की खरीद की है। 

जेम संवाद को वित्त विभाग के प्रधान सचिव डाॅ एस.सिद्धार्थ, सचिव राहुल सिंह एवं संयुक्त सचिव उदयन मिश्रा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर बीआईए, बिहार चैंबर ऑफ़ काॅमर्स, टाटा स्टील, स्टार्ट अप एवं व्यावसायिक संघ के प्रतिनिधि मौजूद थे।      


संबंधित खबरें