पटना। बिहार विधानमंडल का विशेष सत्र 13 जनवरी को है। विधान सभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने बताया कि 126 वां संविधान संशोधन विधेयक संसद के दोनों सदनों से पारित हो चुका है। विधेयक को 25 जनवरी, 2020 से प्रभावी होना है। इसके लिए आधे से अधिक राज्यों की विधायिका से विधेयक का समर्थन आवश्यक है।
इस सबंध में सदन नेता मुख्यमंत्री से मिले अनुरोध के बाद विशेष सत्र 13 जनवरी को बुलाया गया है। 126 वां संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में एससी-एसटी के लिए स्थानों के आरक्षण और एंग्लो-इंडियन समुदाय के प्रतिनिधित्व से संबंधित है। विशेष सत्र में आरक्षण और प्रतिनिधित्व को अगले दस वर्ष यानी 25 जनवरी 2030 तक जारी रखने संबंधित राजकीय प्रस्ताव पर विमर्श होगा।