मुख्य समाचार

हलवा रस्म के साथ बजट दस्तावेजों की छपाई शुरू

नई दिल्ली। परंपरागत हलवा रस्म के साथ वित्त वर्ष 2020-21 के बजट दस्तावेजों की छपाई सोमवार से शुरू हो गयी। समारोह में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर समेत मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थेे। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का दूसरा बजट एक फरवरी 2020 को पेश किया जायेगा। इससे पहले लोकसभा चुनाव के बाद जुलाई 2019 में बजट पेश किया गया था।   

हलवा रस्म के तहत एक बड़ी कड़ाही में हलवा तैयार किया जाता है। इसे वित्त मंत्रालय के सभी कर्मचारियों में बांटा जाता है। यह रस्म लंबे समय से चल रहा है। इसके पीछे वजह है कि हलवा को काफी शुभ माना जाता है और शुभ काम की शुरुआत मीठे से होती है। 

बजट की गोपनीयता बनाये रखने के लिए बजट प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों को आम बजट पेश होने तक नाॅर्थ ब्लॉक स्थित छपाई खाने में ही रहना होता है। अधिकारियों को अपने परिजनों से फोन पर बात करने अथवा मिलने की अनुमति नहीं होती है। सिर्फ मंत्रालय के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को ही घर जाने की अनुमति होती है।   

रस्म में वित्त सचिव राजीव कुमार, राजस्व सचिव अजय भूषण पांडे, आर्थिक मामलों के सचिव अतनु चक्रवर्ती, सचिव तुहिन कांत पांडे और व्यय सचिव टी.वी.सोमनाथन ने भी भाग लिया। वित्त मंत्री ने छपाई खाने का भी दौरा किया और बजट की मुद्रण प्रक्रिया की जानकारी ली।
 


संबंधित खबरें